
मजदूरी की कमाई से परिवार का सहारा, प्रधानमंत्री आवास ने मनोज प्रसाद को दिया पक्का आशियाना
रायपुर, 18 सितंबर 2026
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम चनवारीडांड निवासी मनोज प्रसाद के परिवार के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत की है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले मनोज प्रसाद लंबे समय से अपने परिवार के लिए एक सुरक्षित और पक्के घर का सपना संजोए हुए थे। सीमित आमदनी के कारण स्वयं के संसाधनों से पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास की स्वीकृति मिलने के बाद उनके वर्षों पुराने सपने को साकार होने की राह मिली।
खपरैल की छत से पक्की छत तक बदली जिंदगी
मनोज प्रसाद अपने परिवार के साथ लंबे समय से मिट्टी और खपरैल से बने कच्चे मकान में जीवन यापन कर रहे थे। मजदूरी से होने वाली सीमित आय से परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना ही उनकी प्राथमिकता थी। ऐसे में पक्के मकान का निर्माण उनके लिए किसी बड़े सपने से कम नहीं था। कच्चे और जर्जर मकान में रहने के दौरान बारिश का मौसम परिवार के लिए विशेष परेशानी लेकर आता था। बारिश के पानी से घर में असुविधा होती थी और जर्जर मकान की स्थिति के कारण परिवार को हर मौसम में चिंता बनी रहती थी।
सरकारी सहायता मिली तो मेहनत ने बदली तस्वीर
वित्तीय वर्ष 2024-25 में श्री मनोज प्रसाद को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्के आवास की स्वीकृति प्राप्त हुई। योजना के तहत उन्हें तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई। शासन से मिली आर्थिक सहायता और स्वयं की मेहनत के सहारे मनोज प्रसाद ने अपने कच्चे मकान की जगह पक्के आवास का निर्माण पूरा किया। पक्के घर के तैयार होते ही परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव आया और वर्षों से कच्चे एवं खपरैल के मकान में रहने की परेशानी से राहत मिली।
नया आशियाना बना परिवार के बेहतर कल की नींव
आज मनोज प्रसाद और उनका परिवार अपने पक्के मकान में सुरक्षित और खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है। उनके लिए यह आवास केवल एक भवन नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार है। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले मनोज प्रसाद के लिए अपने परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना एक बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिली आर्थिक सहायता ने उनके सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनके परिवार को एक ऐसा आशियाना मिला, जहां अब वे अधिक सुरक्षा और सुकून के साथ जीवन बिता रहे हैं।
मनोज प्रसाद कहते हैं कि मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हुए पक्का मकान बनाना मेरे लिए आसान नहीं था। लंबे समय से हमारा सपना था कि हमारा भी अपना पक्का घर हो। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिली सहायता से यह सपना पूरा हो सका। आज हमारा परिवार पक्के और सुरक्षित घर में रह रहा है। यह घर हमारे लिए सिर्फ मकान नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा है। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ शासन और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।







