सेवा संकल्प अभियान को जनांदोलन बनाने जुटेगा गरियाबंद जिला

सेवा संकल्प अभियान को जनांदोलन बनाने जुटेगा गरियाबंद जिला

मंत्री श्री दयालदास बघेल ने जनप्रतिनिधियों एवं जिला अधिकारियों की ली बैठक लेकर

हितग्राहियों को मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

रायपुर, 12 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान को जनांदोलन बनाने जुटेगा गरियाबंद जिला

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने आज गरियाबंद के विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों, जिला संगठन पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले एक माह के अभियान को शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता एवं बेहतर समन्वय के साथ व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप दिया जाए। प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण की यात्रा देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियों की यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने निरंतर कार्य करते हुए देश को विकास की नई दिशा दी है। अब वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान को पूरी सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान की सभी गतिविधियां तिथिवार कैलेंडर के अनुसार आयोजित हों तथा सभी नोडल विभाग सक्रिय रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड, नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत और गांव स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। बैठक में छत्तीसगढ़ भंडार गृह निगम के अध्यक्ष श्री चंदूलाल साहू, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका गरियाबंद अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव पूर्व विधायक श्री डमरूधर पुजारी, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर, श्री अमित चिमनानी, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, एसपी श्री वेदव्रत सिरमौर, डीएफओ श्री मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर, श्री नवीन भगत सहित जिला संगठन पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

17 सितंबर को शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य एवं व्यापक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर की शाम शाम 7 बजे देशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। गरियाबंद जिले में भी अधिक से अधिक परिवारों को इस अभियान से जोड़ते हुए दीप प्रज्ज्वलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों जैसे भूतेश्वर नाथ मंदिर परिसर, राजिम त्रिवेणी संगम आदि में वृहद दीप प्रज्वलन किया जाए। उन्होंने मंदिरों में भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन कराने, शासकीय संस्थानों में दीप जलाने तथा नागरिकों को अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने पर्याप्त संख्या में दीप की व्यवस्था करने तथा लोगों को घर-घर संपर्क कर दीप प्रज्वलन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो कवरेज भी प्रभावी तरीके से कराई जाए, ताकि इस व्यापक जनभागीदारी का संदेश जिले और प्रदेश तक पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर आयोजन को भव्य स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया।

‘मेरे सपनों का भारत’ में दिखेगी बच्चों की विकसित भारत की कल्पना
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत भाषण एवं ड्राइंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रतियोगिताओं का विषय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और विकसित भारत की परिकल्पना से जुड़ा हो। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से जनधन खाता, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सड़क एवं डिजिटल कनेक्टिविटी सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं से आए बदलावों को रचनात्मक रूप में सामने लाया जाए। उत्कृष्ट रचनाओं की प्रदर्शनी लगाकर प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता पहुंच रही है। प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने तथा भारतमाला एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी परियोजनाओं से बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने का कार्य हो रहा है। इन बदलावों को आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

‘सेवा स्मरण’ से गांव-गांव पहुंचेगी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा स्मरण’ के अंतर्गत गांवों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। संगीत एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं, जनसेवा एवं विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाई जाएगी। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें माताओं एवं बच्चों को पोषण, मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं महिला-बाल कल्याण योजनाओं के संबंध में जागरूक किया जाएगा। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक रूप से सम्मान करने तथा माताओं के साथ संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Posts

प्रकृति का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी: मंत्री श्री राजेश अग्रवाल

प्रकृति का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी: मंत्री श्री राजेश अग्रवाल कुंवरपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण के संकल्प में जनभागीदारी का किया आह्वान रायपुर, 12…

Read more

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने प्रदेशभर में तैयारियां तेज

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने प्रदेशभर में तैयारियां तेज 17 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम धमतरी में 10 लाख दीयों से होगा विशेष आयोजन…

Read more