546 किलोमीटर दूर ट्रांसफर पर हाईकोर्ट सख्त, दिव्यांग महिला कर्मचारी के मामले ने खड़ा किया बड़ा सवाल…क्या नियमों से ऊपर है आदेश?

 बिलासपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के एक ट्रांसफर आदेश को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बिलासपुर में कार्यरत एक दिव्यांग महिला कर्मचारी का 546 किलोमीटर दूर बीजापुर तबादला कर दिया गया, जिसके खिलाफ अब मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी करते हुए शपथ पत्र के साथ विस्तृत जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।

दिव्यांगता और ट्रांसफर नीति पर उठा बड़ा सवाल

याचिकाकर्ता वर्तमान में बिलासपुर स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत हैं। राज्य सरकार द्वारा 30 मई 2026 को जारी आदेश के तहत उनका स्थानांतरण एकीकृत बाल विकास परियोजना बीजापुर में कर दिया गया।याचिका में दावा किया गया है कि याचिकाकर्ता 42 प्रतिशत स्थायी दिव्यांग हैं, जिसकी पुष्टि मेडिकल बोर्ड द्वारा भी की जा चुकी है। ऐसे में इतना दूर तबादला उनके लिए गंभीर शारीरिक और मानसिक कठिनाई पैदा करता है।

नियमों के बावजूद दूर पोस्टिंग पर उठे सवाल

याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई है कि सामान्य प्रशासन विभाग के 30 अगस्त 2010 के परिपत्र के अनुसार दिव्यांग कर्मचारियों को सामान्यतः उनके गृह जिले या नजदीकी स्थान पर तैनात किया जाना चाहिए, ताकि उनकी स्थिति को देखते हुए कार्य में सुविधा मिल सके।इसके बावजूद उन्हें लगभग 546 किलोमीटर दूर बीजापुर भेज दिया गया, जिससे उनकी परेशानी काफी बढ़ गई है।

हाईकोर्ट की सख्ती, सरकार से मांगा विस्तृत जवाब

मामले की सुनवाई जस्टिस एन के व्यास की सिंगल बेंच में हुई। कोर्ट ने याचिका पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है और पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने को कहा है।अब इस मामले में अगली सुनवाई पर सरकार का पक्ष तय करेगा कि यह ट्रांसफर आदेश जारी रहेगा या इसमें बदलाव किया जाएगा।

  • Related Posts

    चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना से छत्तीसगढ़ के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई शक्ति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    755 करोड़ रूपए की परियोजना को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति जताया आभार’ डबल इंजन सरकार के प्रयासों…

    Read more

    रायपुर : शासन द्वारा रिडेवलपमेंट योजना अंतर्गत शंकर नगर बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने तथा अन्य कुल पाँच परियोजनाओं का टेंडर जारी

    हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा जारी की गई निविदाएं रायपुर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल राज्य के विभिन्न शहरों में पाँच प्रमुख रिडेवलपमेंट परियोजनाओं की शुरुआत करने…

    Read more