पेट्रोल-डीजल ने बढ़ाई महंगाई की टेंशन! रायपुर में 103 रुपये के पार पहुंचा पेट्रोल, पंपों पर उमड़ी भीड़

रायपुर: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का असर अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 100.45 रुपये से बढ़कर 103 रुपये के पार पहुंच गई है, जबकि डीजल का दाम 93.39 रुपये से बढ़कर 96.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

ईंधन की कीमतों में अचानक आई इस तेजी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बढ़ते खर्च और आने वाले दिनों में महंगाई बढ़ने की आशंका ने लोगों को परेशान कर दिया है।

सुबह से पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें

कीमतों में बढ़ोतरी की खबर सामने आते ही रायपुर के कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों की टंकियां भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचे। कई जगहों पर सुबह से ही लंबी कतारें नजर आईं।

अचानक बढ़े दामों को लेकर लोगों ने नाराजगी भी जाहिर की। वाहन चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है।

सिर्फ सफर नहीं, रोजमर्रा की जिंदगी भी होगी महंगी

पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का असर केवल वाहन चलाने तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रांसपोर्ट और ढुलाई महंगी होने से रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

एक शहर से दूसरे शहर और राज्यों तक सामान पहुंचाने की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर बाजार में मिलने वाली वस्तुओं पर पड़ेगा। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में खाद्य सामग्री समेत कई जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं।

वैश्विक तनाव का भारतीय बाजार पर असर

खाड़ी देशों में जारी युद्ध जैसे हालात और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भारत पर भी पड़ रहा है। पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई प्रभावित होने से क्रूड ऑयल लगातार महंगा हो रहा है।

इसी वजह से घरेलू बाजार में भी ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

पीएम मोदी ने की ईंधन बचाने की अपील

बढ़ती वैश्विक चुनौती के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ई-व्हीकल अपनाने को कहा है ताकि देश पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव कम किया जा सके।

प्रधानमंत्री की अपील का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री से लेकर कई मंत्री और विधायक अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर रहे हैं। कुछ जनप्रतिनिधि अब ई-व्हीकल का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।

दशक की सबसे बड़ी चुनौती बताया गया संकट

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को प्रधानमंत्री मोदी ने दशक की बड़ी वैश्विक चुनौतियों में से एक बताया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

Related Posts

चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना से छत्तीसगढ़ के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई शक्ति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

755 करोड़ रूपए की परियोजना को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति जताया आभार’ डबल इंजन सरकार के प्रयासों…

Read more

रायपुर : शासन द्वारा रिडेवलपमेंट योजना अंतर्गत शंकर नगर बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने तथा अन्य कुल पाँच परियोजनाओं का टेंडर जारी

हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा जारी की गई निविदाएं रायपुर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल राज्य के विभिन्न शहरों में पाँच प्रमुख रिडेवलपमेंट परियोजनाओं की शुरुआत करने…

Read more