देश

करणी सिंह स्‍टेडियम में सजेगी कलाकारों की महफिल, देशभर से जुटेंगे दिग्‍गज, हर दिन 50000 लोगों के आने की संभावना

राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के 14वें संस्करण का आयोजन 25 फरवरी से 5 मार्च 2023 तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में किया जाएगा. इस महोत्सव में देशभर के जाने-माने कलाकार लोक नृत्य, लोक संगीत, नाटक-नाटिकाओं और सूफी संगीत में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. इस दौरान रेत मूर्तिकला के साथ-साथ शिल्पकला और अन्य कलाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (उदयपुर) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव से स्थानीय पर्यटन और कला संस्कृति को नई ऊंचाई मिलने की उम्‍मीद है.

नौ दिवसीय राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव संस्कृति मंत्रालय का एक प्रमुख महोत्सव है. इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, उसे बढ़ावा देना और लोकप्रिय बनाना है. पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक किरण सोनी गुप्ता ने बताया कि 27 फरवरी को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महोत्सव का उद्घाटन करेंगी. इस मौके पर राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय संस्कृति मंत्री किशन रेड्डी, केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री एवं बीकानेर सांसद अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी समेत अन्‍य गणमान्‍य लोग उपस्थित रहेंगे.

About the author

NEWSDESK