देश

वैश्विक बाजारों में गिरावट की तपिश से झुलसा भारत का शेयर बाजार, Bears की पकड़ मजबूत

दुनियाभर के बाजारों में लगातार हो रही गिरावट की तपिश आखिरकर आज भारतीय बाजार को भी झुलसा गई. आज प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. इसके अलावा, BSE सेंसेक्स में भी बड़ी गिरावट आई. कोई भी सेक्टर इस गिरावट से बचा नहीं. रियलिटी, मेटल और आईटी सेक्टर में आज सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई. बाजार में डर का मीटर (इंडिया विक्स) आज 4 फीसदी से अधिक बढ़ गया.

आज मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 843.79 अंकों (1.46 फीसदी) की गिरावट के साथ 57,147.32 पर बंद हुआ है. निफ्टी 50 में 275.00 अंकों (1.60 फीसदी) की गिरावट आई और यह 16966.00 पर बंद हुआ. बैंक निफ्टी की बात करें तो इसमें 430.50 अंकों (1.10 फीसदी) की गिरावट हुई और यह 38,662.60 पर बंद हुआ है. कल, सोमवार को, दोनों मुख्य सूचकांक काफी गिरे थे, लेकिन बाजार के बंद होने तक काफी अच्छी रिकवरी कर ली थी, मगर आज फिर से बड़ी गिरावट हुई और रिकवरी नहीं हो पाई. बाजार फिलहाल पूरी तरह बेयर्स (Bears) की गिरफ्त में जकड़ा नज़र आया.

वैश्विक बाजारों में भी बड़ी गिरावट
क्या यूएस, क्या यूरोप और क्या एशिया. सभी बाजारों में आज लाल रंग नज़र आया. कल, सोमवार, को अमेरिका का Dow Jones 93.91 अंक (0.32%) गिरा था, जबकि S&P 500 में 93.91 अंक अथवा 0.32% की गिरावट दर्ज की गई. Nasdaq में 110.30 अंकों अथवा 1.04% की गिरावट आई. इन्हीं का असर आज भारतीय बाजार पर भी दिखा.

यूरोपियन बाजारों की बात करें तो दोपहर 3:20 बजे तक यूके का FTSE 81.53 अंकों अथवा 1.17 फीसदी की गिरावट थी, तो फांस के CAC में 44.60 अंकों के साथ 0.76 प्रतिशत की गिरावट आई. जर्मनी का प्रमुख इंडेक्स DAX इसी समय तक 121 अंकों (0.99 फीसदी) गिर चुका था.

एशियन बाजारों में NIKKEI 225 में 714.86 अंक (2.64 फीसदी) की गिरावट थी. KOSPI में 40.77 अंकों (1.83 फीसदी) की गिरावट थी. HANG SENG में 384.30 अंकों अथवा 2.23 फीसदी की बड़ी गिरावट देखने को मिली.