24.70 लाख रुपये से बना महतारी सदन, महिला सशक्तिकरण का केंद्र

24.70 लाख रुपये से बना महतारी सदन, महिला सशक्तिकरण का केंद्र

अब पेड़ों के नीचे या दूसरों के घरों में बैठक करने की मजबूरी दूर

सुरक्षित स्थान पर आजीविका गतिविधियों पर खुलकर चर्चा कर रहीं महिलाएं

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महतारी सदन योजना के तहत सुविधाजनक भवन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पुहपुटरा में 24 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।

पहले समूह की महिलाओं को बैठक के लिए कभी किसी सदस्य के घर तो कभी पेड़ों की छांव का सहारा लेना पड़ता था। अब महतारी सदन में उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान मिला है, जहां वे नियमित बैठक कर समूह की गतिविधियों और आजीविका के अवसरों पर खुलकर चर्चा कर रही हैं।

वर्ष 2024-25 में स्वीकृत हुआ निर्माण कार्य

ग्राम पुहपुटरा में महतारी सदन का निर्माण वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत योजना के अंतर्गत 24.70 लाख रुपये की लागत से किया गया है। भवन में बैठने की समुचित व्यवस्था, शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे गांव के विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों को नियमित बैठक और सामूहिक गतिविधियों के संचालन में सहूलियत मिल रही है।

अब सुरक्षित वातावरण में खुलकर अपनी बात रखती हैं महिलाएं

लक्ष्य महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती बिंदेश्वरी राजवाड़े ने बताया कि समूह गठन के शुरुआती दिनों में बैठक के लिए कोई निश्चित स्थान नहीं था। कभी किसी सदस्य के घर तो कभी पेड़ के नीचे बैठक करनी पड़ती थी। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही और भीड़ के कारण महिलाएं अपनी समस्याओं और आजीविका से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा नहीं कर पाती थीं।

उन्होंने बताया कि महतारी सदन बनने से यह परेशानी दूर हुई है। अब समूह की महिलाएं सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान पर एकत्रित होकर अपने विचार साझा करती हैं और आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए चर्चा करती हैं। बैठक और शौचालय सहित आवश्यक सुविधाओं से उन्हें काफी सहूलियत मिली है। श्रीमती राजवाड़े ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठकों के आयोजन में मिली सहूलियत

ग्राम पुहपुटरा की ज्योति महिला स्व-सहायता समूह की सचिव श्रीमती गीता शर्मा ने बताया कि महतारी सदन बनने से पहले बैठकों के आयोजन में कठिनाइयां आती थीं। समूह की महिलाओं को किसी सदस्य के घर जाना पड़ता था, जिससे कई बार संबंधित परिवार को भी असुविधा होती थी। सभी महिलाओं के एक साथ बैठने के लिए उपयुक्त स्थान भी नहीं मिल पाता था।

उन्होंने बताया कि अब गांव के विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एक ही स्थान पर बैठक कर सकती हैं। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं से समूह की गतिविधियों का संचालन आसान हुआ है। श्रीमती शर्मा ने महतारी सदन को समूह की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

सामूहिक निर्णय और आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहन

महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आपसी संवाद, सामूहिक निर्णय और आजीविका गतिविधियों का केंद्र बन रहा है। यहां महिलाएं समूह की कार्ययोजना तैयार करने, स्वरोजगार की संभावनाओं पर विचार करने और आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट हो रही हैं।

ग्राम पुहपुटरा की महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं के अनुसार, महतारी सदन बनने से बैठक स्थल की पुरानी समस्या दूर हुई है। अब उन्हें व्यवस्थित वातावरण मिला है, जहां वे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखकर समूह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

Related Posts

महिला आयोग की जनसुनवाई 28 एवं 29 अक्टूबर को, अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू करेंगी सुनवाई

महिला आयोग की जनसुनवाई 28 एवं 29 अक्टूबर को, अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू करेंगी सुनवाई आयोग के अन्य सदस्य भी रहेंगे उपस्थित, पीडि़त महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने पर रहेगा…

Read more

अपूर्ण एवं अपंजीकृत परियोजना पर CG-RERA की सख्त कार्रवाई, प्रमोटर को आबंटी को 6.87 लाख रुपये ब्याज भुगतान करने का आदेश

अपूर्ण एवं अपंजीकृत परियोजना पर CG-RERA की सख्त कार्रवाई, प्रमोटर को आबंटी को 6.87 लाख रुपये ब्याज भुगतान करने का आदेश पूर्णता प्रमाण पत्र मिलने तक आबंटी को प्रतिमाह 7,314…

Read more