
मेहनत और स्वावलंबन से समिता पैकरा ने बदली परिवार की तस्वीर
बिहान योजना से मिला आर्थिक संबल, बनीं लखपति दीदी
कृषि, पशुपालन और स्वरोजगार से परिवार की सालाना आय पहुंची लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये
रायपुर, 12 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत है। बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर प्रशिक्षण, बैंक लिंकेज, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका सकारात्मक असर जशपुर जिले की ग्रामीण महिलाओं के जीवन में दिखाई दे रहा है।
पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खुटापानी की श्रीमती समिता पैकरा इसकी प्रेरक मिसाल हैं। नरसिंह महिला स्वयं सहायता समूह से वर्ष 2019 में जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की और लखपति दीदी के रूप में पहचान बनाई।
समूह से जुड़ने के बाद मिली नई राह
समिता पैकरा के परिवार की आर्थिक स्थिति पहले कमजोर थी। आय का स्थायी स्रोत नहीं होने और सीमित कृषि आय के कारण घरेलू जरूरतें पूरी करने में कठिनाई होती थी। स्वयं सहायता समूह से जुड़ना उनके जीवन में बदलाव का अहम कदम साबित हुआ। समूह के माध्यम से उन्होंने नियमित बचत, आंतरिक ऋण और विभिन्न प्रशिक्षणों का लाभ लिया।
उन्हें समूह के जरिए 30 हजार रुपये का बैंक लिंकेज और 17 हजार रुपये की सीआईएफ सहायता मिली। इस राशि का उपयोग उन्होंने कृषि और पशुपालन से जुड़ी आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने में किया।
कई गतिविधियों से बढ़ाई आमदनी
समिता दीदी ने आय बढ़ाने के लिए एक ही साधन पर निर्भर रहने के बजाय कई गतिविधियां अपनाईं। वे धान, दलहन और सब्जी उत्पादन के साथ बकरी पालन, मुर्गी पालन, सिलाई तथा महुआ संग्रहण और विपणन का काम करती हैं।
इन गतिविधियों से उन्हें बकरी पालन से लगभग 20 हजार रुपये, मुर्गी पालन से 10 हजार रुपये, सिलाई कार्य से 5 हजार रुपये और महुआ संग्रहण एवं व्यापार से करीब 20 हजार रुपये की सालाना आय होती है। कृषि और सब्जी उत्पादन से भी उन्हें मौसमी आमदनी मिलती है। इन सभी गतिविधियों से परिवार की कुल वार्षिक आय बढ़कर लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
आर्थिक मजबूती के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
समूह से जुड़ने के बाद समिता दीदी के जीवन में आर्थिक बदलाव के साथ सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर भी सकारात्मक परिवर्तन आया है। अब वे आत्मविश्वास के साथ परिवार के आर्थिक निर्णयों में भागीदारी निभाती हैं। परिवार की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों को पूरा करना भी पहले की तुलना में आसान हुआ है। उनकी सफलता से प्रेरित होकर गांव की अन्य महिलाएं भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर बचत और आजीविका गतिविधियां अपनाने के लिए आगे आ रही हैं।
समिता दीदी की अपील
समिता पैकरा का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन से मिले सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि समूह केवल बचत का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण का मंच है। मेहनत, प्रशिक्षण और सामूहिक प्रयास से हर महिला अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
समिता पैकरा की सफलता की कहानी बताती है कि सही अवसर, प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और दृढ़ इच्छाशक्ति से ग्रामीण महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति बदल सकती हैं। उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता पत्थलगांव विकासखंड सहित पूरे जशपुर जिले की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।








