सेवा संकल्प अभियान: सेवा सेतु शिविरों के जरिए गांवों तक पहुंचीं जनकल्याणकारी योजनाएं

सेवा सेतु शिविरों के जरिए गांवों तक पहुंचीं जनकल्याणकारी योजनाएं

दवनसरा में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर दिया सुरक्षित मातृत्व और सुपोषण का संदेश

बाल विवाह मुक्त, नशामुक्त और टीबी मुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प

रायपुर, 06 अक्टूबर 2026

सेवा सेतु शिविरों के जरिए गांवों तक पहुंचीं जनकल्याणकारी योजनाएं

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी के ग्राम दवनसरा और विकासखंड भैयाथान के ग्राम कोरकोटि में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभागीय स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई और हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

दवनसरा में वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा और प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी के आतिथ्य में शिविर आयोजित हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मातृत्व के सम्मान और सुरक्षित प्रसव की मंगलकामना के साथ गोद भराई कार्यक्रम रखा। अतिथियों ने गर्भवती महिलाओं श्रीमती शर्मीला, श्रीमती प्रमिला और श्रीमती मन्नू, पत्नी श्री विकास यादव, की गोद भराई की। इस दौरान महिलाओं को संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल के बारे में जानकारी दी गई।

वन विकास निगम अध्यक्ष श्री पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा एवं कृषि सुविधाओं के विस्तार के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से पात्रतानुसार लाभ लेने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का भी आग्रह किया।

प्रेमनगर विधायक श्री मरावी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्री रामलला दर्शन योजना और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से समाज के अलग-अलग वर्गों को सहायता मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा लाल राजवाड़े ने कहा कि गांव-गांव में आयोजित सेवा सेतु शिविरों से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और विभागीय सेवाएं सहज रूप से मिल रही हैं। उन्होंने नागरिकों से शिविरों में सहभागिता कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों की शिक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण, नशे से दूर रहने और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ भी ली। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष ओड़गी श्रीमती इन्द्रमणी पैकरा, जिला पंचायत सदस्य श्री लवकेश पैकरा, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Posts

विकसित भारत की संकल्पना में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण: मंत्री श्री लखनलाल देवांगन

विकसित भारत की संकल्पना में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण: मंत्री श्री लखनलाल देवांगन सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन रायपुर 06 अक्टूबर 2026 विकसित भारत की संकल्पना…

Read more

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास के लिए किया एमओयू, एग्रो प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का नया निवेश

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास के लिए किया एमओयू, एग्रो प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का नया निवेश सिंगापुर यात्रा में छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के एफडीआई निवेश प्रस्ताव…

Read more