
दिल्ली :- दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा आज शाम बीजेपी विधायक दल की बैठक में होगी। इसके बाद 20 फरवरी को रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में झुग्गी-बस्तियों के निवासियों से लेकर बॉलीवुड सितारों तक, हजारों मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर :- बीजेपी ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियां की हैं। रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले इस समारोह में एक लाख लोगों की उपस्थिति की उम्मीद है। आमंत्रितों में झुग्गी-बस्तियों के प्रतिनिधि, बॉलीवुड सितारे, उद्योगपति, किसान, धार्मिक गुरुओं और ग्रंथियों सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।
तीन अलग-अलग मंच होंगे तैयार :- शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन विशेष मंच बनाए जा रहे हैं
1. मुख्य मंच – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री के साथ उनकी मंत्रिपरिषद के सहयोगी इस मंच पर मौजूद रहेंगे।
2. धार्मिक और विशिष्ट अतिथियों का मंच – इस मंच पर प्रमुख संत, धर्मगुरु और अन्य सम्माननीय अतिथि बैठेंगे।
3. संगीत कार्यक्रम मंच – इस मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे।
बीजेपी के शीर्ष नेता रहेंगे मौजूद :- शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और अन्य सांसद उपस्थित रहेंगे।
झुग्गी-झोपड़ी निवासियों को विशेष आमंत्रण :- बीजेपी ने राजधानी के झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों के सामुदायिक नेताओं को भी विशेष आमंत्रण भेजा है। अनुमान है कि इन बस्तियों से 25,000 से 30,000 लोग इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनेंगे। पार्टी इस समुदाय के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से यह पहल कर रही है।
बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी :- शपथ ग्रहण समारोह में कई बॉलीवुड हस्तियां भी शामिल होंगी। कार्यक्रम से पहले एक विशेष संगीत संध्या का आयोजन होगा, जिसमें कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे।
शपथ ग्रहण की थीम होगी विशेष :- इस आयोजन की थीम अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तर्ज पर रखी जा सकती है। इसमें हिंदू संत समाज के प्रमुख सदस्यों की उपस्थिति भी रहेगी।
पर्यवेक्षक और नई कैबिनेट की घोषणा :- बीजेपी नेतृत्व जल्द ही केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों या वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं में से पर्यवेक्षकों के नामों की घोषणा करेगा। आज शाम 7 बजे होने वाली बैठक में नए मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद के छह सदस्य और विधानसभा अध्यक्ष के नामों का ऐलान किया जाएगा।
महिला मुख्यमंत्री की संभावना :- बीजेपी शासित राज्यों में अभी तक किसी महिला मुख्यमंत्री को मौका नहीं मिला है। हालांकि, पार्टी में इस बार दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं।
कैबिनेट में युवाओं और समुदायों का संतुलन :- मंत्रिपरिषद के गठन में युवाओं और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने के साथ-साथ जातीय और सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा। एससी समुदाय के लिए आरक्षित सीटों और ग्रामीण क्षेत्रों के नए विधायकों को कैबिनेट में विशेष प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है।
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली को नया मुख्यमंत्री कौन मिलेगा। आज शाम विधायक दल की बैठक के बाद इस राज से पर्दा उठेगा।