
’सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी’ : ’कच्चे मकान की परेशानियों से मिली मुक्ति, पीएम आवास से काराबाई को मिली पक्की छत’
’उज्ज्वला योजना से धुआंमुक्त रसोई और स्वच्छ भारत मिशन से घर में शौचालय की सुविधा’
’तीन जनकल्याणकारी योजनाओं ने बदली परिवार की जिंदगी, सुरक्षित आवास के साथ मिला बेहतर जीवन का आधार’
रायपुर, 16 अक्टूबर 2026
कभी खपरैल और टीन की छत वाले कच्चे मकान में रहने वाली जांजगीर-चांपा जिले की श्रीमती काराबाई आज अपने परिवार के साथ पक्के घर में सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन बिता रही हैं। बरसात के दिनों में छत से जुड़ी परेशानियां और कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण पक्का मकान बनाने की चिंता अब उनके जीवन से दूर हो गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके अपने घर के सपने को साकार किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से एलपीजी गैस कनेक्शन और स्वच्छ भारत मिशन से घर में शौचालय की सुविधा मिलने से उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
अकलतरा विकासखंड की ग्राम पंचायत तरौद निवासी श्रीमती काराबाई के लिए पहले पक्का घर बनाना एक बड़ी चुनौती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें। खपरैल और टीन की छत वाले कच्चे मकान में रहते हुए विशेषकर बारिश के मौसम में उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में अपने परिवार के लिए सुरक्षित और स्थायी आवास की व्यवस्था करना उनकी सबसे बड़ी जरूरत थी।
’प्रधानमंत्री आवास योजना ने पूरा किया पक्के घर का सपना’
वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत श्रीमती काराबाई का आवास स्वीकृत हुआ। योजना से मिली सहायता के माध्यम से उनके पक्के मकान का निर्माण पूरा हुआ और परिवार को अपने घर में रहने का अवसर मिला। अब उन्हें कच्ची छत से जुड़ी पुरानी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। पक्के मकान ने उनके परिवार को सुरक्षा और बेहतर रहन-सहन की सुविधा देने के साथ भविष्य के प्रति नया भरोसा भी दिया है।
’उज्ज्वला से रसोई में सुविधा, स्वच्छ भारत मिशन से मिला शौचालय’
श्रीमती काराबाई के जीवन में बदलाव केवल पक्के आवास तक सीमित नहीं रहा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उन्हें एलपीजी गैस कनेक्शन भी प्राप्त हुआ। इससे खाना बनाने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुई और पारंपरिक चूल्हे के धुएं से राहत मिली।
इसी तरह स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत उनके घर में शौचालय का निर्माण हुआ। घर में ही शौचालय की सुविधा उपलब्ध होने से परिवार को स्वच्छता, सुविधा और गरिमापूर्ण जीवन का बेहतर वातावरण मिला है। इस प्रकार आवास, रसोई गैस और शौचालय जैसी तीन बुनियादी सुविधाओं ने मिलकर उनके दैनिक जीवन को अधिक सहज बनाया है।








