
छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बना छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल
14 साहित्यिक कृतियों का विमोचन, छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकार सम्मानित
कवि सम्मेलन में बिखरी छत्तीसगढ़ी माटी की सोंधी महक, भावपूर्ण रचनाओं से भावविभोर हुए श्रोता
रायपुर, 28 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोक संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और जनभावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह आज राजधानी रायपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया। साहित्यिक कृतियों के विमोचन, छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म के लोकार्पण, साहित्यकारों के सम्मान, साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन से सुसज्जित यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और भाषायी स्वाभिमान का साक्षी बना।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा के अधिकाधिक उपयोग तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का आह्वान किया।
समारोह में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री प्रभात मिश्रा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे तथा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए साहित्यकार, कवि, लेखक एवं छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमी उपस्थित रहे।
*छत्तीसगढ़ी भाषा के मान-सम्मान को और बढ़ाने का लें संकल्प: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है। हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी की मिठास और आत्मीयता झलकती है। छत्तीसगढ़ी भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए हमें अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान देना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर हम सभी अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को और बढ़ाने तथा इसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लें, ताकि हमारी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहे।
*घर-परिवार और कामकाज में बेहिचक करें मातृभाषा का उपयोग: संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल*
संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल एक बोली या भाषा नहीं है, बल्कि यह हमारे पूर्वजों का आशीर्वाद, हमारी लोक संस्कृति की पहचान और हमारे हृदय से जुड़ी एक भावनात्मक डोर है। जब किसी दूसरे प्रदेश में हमें अपनी छत्तीसगढ़ी भाषा सुनने को मिलती है, तो हमारा मन आनंद से भर उठता है। ऐसा लगता है, मानो हम अपने गांव और घर के आंगन में आ गए हों। यही अपनी मातृभाषा के प्रति हमारे आत्मीय जुड़ाव की विशेषता है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा दिवस के इस विशेष अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि अपने बच्चों को भी छत्तीसगढ़ी भाषा सिखाएंगे, अपने घर-परिवार और दैनिक कामकाज में बिना किसी संकोच के छत्तीसगढ़ी बोलेंगे तथा अपनी मातृभाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देंगे। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
*स्थानीय भाषा में प्रारंभिक शिक्षा से बच्चों के सर्वांगीण विकास को मिलेगा बढ़ावा: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी*
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़े रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ब्रिटिश शासनकाल की शिक्षा नीति और मैकाले का संदर्भ देते हुए कहा कि किसी भी समाज की भाषा और संस्कृति उसकी मूल पहचान होती है। अपनी भाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव व्यक्ति के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक स्कूली शिक्षा स्थानीय बोली और भाषा में होनी चाहिए, जिससे वे शिक्षा को सहजता से समझ सकें और ज्ञान को बेहतर ढंग से आत्मसात कर सकें। इससे बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व के विकास को भी नई दिशा मिल सकती है।
उन्होंने अपने स्कूली जीवन से लेकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन तक के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि अन्य भाषाओं को सीखने में कोई बुराई नहीं है। अंग्रेजी सहित अन्य भाषाओं का ज्ञान अर्जित करें, लेकिन अपनी मातृभाषा और संस्कृति को कभी न छोड़ें। अपनी भाषा के प्रति गौरव और आत्मविश्वास का भाव सदैव बनाए रखना चाहिए।
*छत्तीसगढ़ी बोलने में संकोच नहीं, गौरव का अनुभव करें रू स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव*
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि पृथक छत्तीसगढ़ राज्य के गठन से पहले ग्रामीण अंचलों से शहर आने वाले अनेक लोगों में छत्तीसगढ़ी बोलने को लेकर संकोच का भाव रहता था। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन और छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा मिलने के बाद इस स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी बोलने में हीनभावना का अनुभव करने वाली मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है। हमें अपनी मातृभाषा बोलने में गौरव का अनुभव करना चाहिए।
श्री यादव ने छत्तीसगढ़ी भाषा की प्राचीनता और समृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री हीरालाल काव्योपाध्याय ने वर्ष 1885 में ही छत्तीसगढ़ी भाषा का व्याकरण तैयार कर दिया था। यह हमारी भाषा की समृद्ध साहित्यिक एवं व्याकरणिक परंपरा का परिचायक है।








