
सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन जिला अस्पताल कोंडागांव में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
शिविर में 474 मरीजों का पंजीयन, विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से हुए लाभान्वित
रायपुर, 17 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन आज जिला चिकित्सालय कोण्डागांव में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी उपस्थित रहीं। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए पहुंचे। शिविर में कुल 474 मरीजों का पंजीयन कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और राष्ट्र का आधार: सुश्री लता उसेंडी
इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं संकल्प के उपलक्ष्य में एक माह तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसका समापन मेगा स्वास्थ्य शिविर के साथ हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब हम स्वस्थ रहेंगे, तभी हमारा समाज, राज्य और राष्ट्र स्वस्थ रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सुश्री उसेंडी ने नागरिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की भी अपील की।
विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से हितग्राहियों को मिला लाभ
मेगा स्वास्थ्य शिविर में 145 हितग्राहियों की प्रयोगशाला जांच की गई। इसके अतिरिक्त गैर-संचारी रोगों से संबंधित 74, नेत्र रोग के 40, नाक-कान-गला रोग के 23, दंत रोग के 12, मेडिसिन के 25, सर्जरी के 25 तथा सामान्य रोगों से संबंधित 52 मरीजों की जांच की गई। शिविर में 100 हितग्राहियों का एक्स-रे किया गया तथा 80 हितग्राहियों को प्रसूति संबंधी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र, टीबी मरीजों को पोषण सहायता
इस दौरान विधायक सुश्री उसेंडी एवं कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने 17 हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए। वहीं, टीबी से पीड़ित पांच मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट प्रदान की गई। साथ ही 200 महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए।








